Sunday, February 6, 2022

सीएम योगी समेत भाजपा नेताओं की गाड़ियों को बम से उड़ाने की धमकी , मेरठ - लखनऊ में धमाकों का ''ट्वीट बम''

हापुड़ । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के पहले चरण के मतदान से पहले AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी की गाड़ी पर पिलुखवा के पास फायरिंग हुई , जिसके बाद हापुड़ पुलिस ने दोनों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया । इस सबके बाद हापुड़ से एक और बड़ी खबर सामने आई है । असल में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और भाजपा नेताओं की गाड़ियों को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ट्वीट सामने आया है । ट्विटर पर लेडी डान के नाम से बने एक एकाउंट ने हापुड़ पुलिस को टैग कर यह धमकी दी है । इसके साथ ही ट्वीट करने वाले ने मेरठ और लखनऊ में बम धमाके करने की भी धमकी दी है। मामले पर संज्ञान लेकर पुलिस अधीक्षक ने सर्विलांस टीम को छानबीन में लगा दिया है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।

ट्विटर पर लेडी डान के नाम बने एकाउंट से किए गए ट्वीट में आरोपित ने लिखा है कि ओवैसी तो मोहरा है, असली निशाना तो योगी आदित्यनाथ है। भाजपा नेताओं की गाड़ियों पर आरडीएक्स से हमला होगा। अपनी टीम लगाओ। दिल्ली मत देखो। योगी मारा जाएगा। इसके बाद हापुड़ पुलिस ने ट्वीट कर वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही। जिसके बाद दोबारा द्वीट किया गया। जिसमें आरोपित ने भीम सेना की अध्यक्ष सीमा सिंह, योगी आदित्यनाथ को मानव बम बनकर मारने की बात लिखी। इतना ही नहीं पाकिस्तान से आए मुजाहिद के शमशान बनाने की धमकी भी ट्वीट के जरिए दी है।

इस ट्वीट पर एसपी दीपक भूकर ने बताया कि पहली नजर में ट्वीट करने वाले अराजक तत्व की यह शरारत लग रही है, लेकिन मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। सर्विलांस की टीम ट्वीटर एकाउंट से जुड़ी जानकारी जुटा रही हैं। मामले में अज्ञात आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस एकाउंट के जरिए लखनऊ रेलवे स्टेशन और बस अड्डा पर बम लगाने और मेरठ में दस जगह बम धमाके करने की धमकी भी दी गई है। जल्द ही पुलिस ठोस नतीजे पर पहुंचकर आरोपित के बारे में जानकारी कर लेगी।

विस चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने बाह में किया बड़ा ऐलान, अटल बिहारी वाजपेयी को लेकर कही ये बात


विधानसभा चुनाव

लखनऊ: यूपी विधानसभा चुनाव के महज 4 का समय बचा हुआ है. ऐसे यूपी की पार्टियों में लगातार सियासत जारी है. आगामी विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से सरकार बनाने का दावा करने वाली समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को लेकर बड़ी घोषणा की है.

आगरा के बाह विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने ऐलान किया प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर बाह में अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर विश्वविद्यालय बनाया जाएगा. बता दें कि बाह अटल बिहारी वाजपेयी का पैतृक गांव है. ऐसे में अखिलेश के इस ऐलान को आगरा के बाह में बड़ा दांव माना जा रहा है.

अखिलेश यादव ने इसके साथ ही वादा किया कि यदि जरूरत पड़ी तो वह बाह को अलग जिला भी बना देंगे. इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘आगरा पर्यटन का केंद्र है तो बटेश्वर में धार्मिक पर्यटन महत्‍व भी कम नहीं है. इस क्षेत्र में विकास की बहुत जरूरत है. इसलिए जरूरत पड़ने पर इसे जिला बनाया जाएगा.’

जनसभा के संबोधन के दौरान लता मंगेशकर को दी श्रद्धांजलि

बाह में जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने सबसे पहले लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा, ‘लता मंगेशकर ने तीस हजार से अधिक गीत दिए, जिन्हें आज भी हम बड़े प्यार सुनते हैं. उनके निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. उनके जैसा न कोई है और न होगा. समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उनके सम्मान में बड़ा कार्यक्रम किया जाएगा.’

‘वह गर्मी निकालने की बात करते हैं, हम नौकरी निकालने की’

इसके साथ ही अखिलेश यादव सीएम योगी पर हमलावर होते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने नौजवानों का रोजगार छीनकर उन्हें घर बैठाने का काम किया. अखिलेश यादव ने कहा, ‘बाबा निकालने की बात करते हैं और हम गर्मी और सर्दी निकालने की बात नहीं करते. हम नौजवानों को पुलिस में भर्ती करने की बात करते हैं. उन्हें रोजगार दिलाने की बात करते है.’

सपा प्रमुख ने कहा कि बाह विधानसभा में किसान परेशान है. किसान की खाद की बोरी चोरी हो गई, बिजली नहीं मिली. कोई कारखाना भी नहीं बनाया गया. यहां सिंचाई के लिए पानी की सुविधा नहीं है. इसके साथ ही उन्होंने अपना चुनावी वादा दोहराया कि सपा की सरकार आने पर 300 यूनिट बिजली बिल माफ होगा, कोई बिल नहीं देना पड़ेगा.

PM मोदी ने अखिलेश यादव पर कसा तंज, बोले- आस्था से सरोकार न रखने वालों के सपने में आने लगे हैं भगवान कृष्ण


मोदी ने मथुरा, बुलंदशहर और आगरा के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित 'जन चौपाल' को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सम्बोधित करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पार्टी पर तीखे प्रहार किए। 

PM Modi UP Election Akhilesh Yadav Lord Krishna dreams those Uttar Pradesh BJP

लखनऊ:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) को 'नकली समाजवादी' करार देते हुए रविवार को कहा कि जनता की आस्था से कोई सरोकार नहीं रखने वाले इन लोगों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपार समर्थन मिलता देखकर ''अब सपने में भगवान कृष्ण की याद आने लगी' है। मोदी ने मथुरा, बुलंदशहर और आगरा के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित 'जन चौपाल' को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सम्बोधित करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पार्टी पर तीखे प्रहार किए। उन्होने कहा कि 'चुनाव देखकर कृष्ण भक्ति का चोला ओढ़ने वाले लोग जब सरकार में थे तो वृंदावन, बरसाना, गोवर्धन और नंदगांव को वे भूल ही गए थे। आज भाजपा को अपार समर्थन देख इन लोगों को अब सपने में भगवान कृष्ण की याद आने लगी है।'

अखिलेश यादव ने हाल में कहा था कि भगवान कृष्ण रोजाना उनके सपने में आकर कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा, ''जो पहले सरकार में थे, उन्हें ना तो आप लोगों की आस्था से मतलब था और ना ही आपकी जरूरतों से। उनका सिर्फ एक ही एजेंडा रहा है, उत्तर प्रदेश को लूटो। उन्हें बस सरकार बनाने से मतलब रहा है इसीलिए आज वह मुख्यमंत्री योगी (आदित्यनाथ) जी और भाजपा सरकार को पानी पी पी कर कोस रहे हैं। उत्तर प्रदेश का इन लोगों ने जो हाल बना दिया था, वह इन नकली समाजवादियों के कर्मों का कच्चा चिट्ठा है।' मोदी ने आरोप लगाया, 'पिछली सरकारों के शासनकाल में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे राजमार्गों पर गाड़ी रोक कर लूटपाट करते थे और राजमार्गों पर ही महिलाओं और बेटियों के साथ क्या होता था, यह बुलंदशहर के लोग अच्छी तरह से जानते हैं। तब उत्तर प्रदेश में घरों एवं दुकानों पर अवैध कब्जे होना आम बात थी। लोग अपना घर छोड़कर पलायन को मजबूर होते थे। आगरा के दंगों में आरोपियों के सिर पर किसका हाथ था, यह आप भली-भांति जानते हैं।'

मोदी ने कहा कि पहले की सरकारें भय फैलाने में जुटी थी जबकि भाजपा भविष्य का निर्माण कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार और पिछली सरकारों में यही फर्क है, इसलिए आज उत्तर प्रदेश में बहन बेटियां खुले दिल से कह रही हैं कि 'पहले हमें घर से निकलने में लगता था डर, अब भाजपा राज में अपराधी कांपे थर-थर।' उन्होंने कहा, 'उत्तर प्रदेश के लोगों ने दो टूक कह दिया है कि धन, दौलत, बाहुबल, जातिवाद, परिवारवाद और संप्रदायवाद के दम पर भले ही कुछ लोग कितनी ही राजनीति कर लें, लेकिन वह जनता का प्यार नहीं पा सकते। जनता का आशीर्वाद तो उसे ही मिलेगा, जो सच्चे अर्थ में प्रदेश के लोगों की सेवा करेगा, इसलिए जनता ने तय कर लिया है कि इस बार भी चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा विकास का ही है।' मोदी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दिखा दिया है कि अगर राज्य का विकास कोई कर सकता है तो वह सिर्फ भाजपा है, इसलिए पिछले कई महीनों से उत्तर प्रदेश के लोग यह ठान कर बैठे हैं कि कमल का बटन फिर दबाना है और भाजपा को ही जिताना है। 


चन्नी होंगे पंजाब में कांग्रेस के मुख्यमंत्री उम्मीदवार, राहुल गांधी ने किया ऐलान


चन्नी होंगे पंजाब में कांग्रेस के मुख्यमंत्री उम्मीदवार, राहुल गांधी ने किया ऐलान

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि चन्नी गरीब घर के बेटे हैं और उसे गहराई से समझते हैं। उन्होंने कहा कि चन्नी के दिल में, खून में पंजाब है। सिद्धू के दिल में और खून में पंजाब है, आप काटकर देखियेगा खून निकलेगा और उसमें पंजाब दिखाई देगा। चन्नी मुख्यमंत्री बने लेकिन उनमें अहंकार नहीं दिखाई दिया।

चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने मुख्यमंत्री चेहरे से पर्दा उठा दिया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री का निर्णय लेना पंजाब का निर्णय है और यह मेरा निर्णय नहीं है और मैंने निर्णय नहीं लिया बल्कि पंजाब के लोगों से, यहां के उम्मीदवारों से, वर्किंग कमेटी के लोगों से पूछा। उन्होंने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि जाखड़ जी ने अपने भाषण में कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता हीरे हैं और उन्होंने बहुत गहरी बात की है। मैं साल 2004 से राजनीति में हूं, राजनीति के बारे में थोड़ी सी समझ और तजुर्बा मेरे में है। राजनीतिक नेता 10-15 दिन में पैदा नहीं होता है। एक सच्चा नेता मीडिया के टेलीविजन पर, डिबेट में नहीं तैयार होता है बल्कि सालों लड़कर, संघर्ष करके, पिटकर बनता है और कांग्रेस के पास हीरो की कोई कमी नहीं है। 

उन्होंने कहा कि राजनीति एक रास्ता होता है इवेंट नहीं कि एक फोटो ले ली, दो शब्द बोल दिए और बन गए राजनेता। राजनेता को लड़ाई लड़नी पड़ती है और बहुत सारे राजनेता को अपनी लड़ाई लड़नी पड़ती है। इसी बीच उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी जबरदस्त लड़ाई लड़ते हैं लेकिन अपनी लड़ाई लड़ते हैं और दूसरे नेता होते हैं जो मुद्दों के लिए खड़े हो जाते हैं। नेता अलग-अलग जगह से आते हैं। सिद्धू कहीं से आए, चन्नी कहीं और से आए लेकिन सबको कठिन रास्ते पर चलना पड़ता है।

डूम स्कूल में सिद्धू से मिले थे राहुल

कांग्रेस नेता ने कहा कि बहुत सारे हीरो के बीच में से एक हीरा निकालना आसान काम नहीं है। सिद्धू से मैं पहली बार 40 साल पहले मिला था, यह बात सिद्धू को नहीं पता है। उन्होंने कहा कि मैं डूम स्कूल में था, रविवार सुबह 8 बजे क्रिकेट का मुकाबला था, यह आदमी स्कूल में क्रिकेट खेलने आया था और मैं फील्ड के बाहर बैठा हुआ था। सिद्धू ओपनिंग बॉलर थे। उस वक्त किसी ने मुझे बताया था कि यह नवजोत सिंह सिद्धू हैं, जो तेंज गेंदबाज हैं। 6 विकेट 130 रन में पूरी स्कूल को आउट कर दिया और फिर 98 रन बनाकर चले गए। उस डूम स्कूल की टीम को पता नहीं चला क्या हुआ ?

राहुल ने की जाखड़ की भी प्रशंसा

उन्होंने कहा कि सिद्धू क्रिकेट खेले, फिर कामंटेटर बने, कॉमेडियन बने और फिर राजनेता बने। हर राजनेता के पास स्ट्रेंथ और वीकनेस होती है। ऐसे में अगर इमोशनल हो जाते हैं तो क्या ? ऐसे ही हमारे पास दूसरे हीरो भी हैं जाखड़ जी। इनसे आप पंजाब से जुड़े हुए कोई भी सवाल पूछ सकते हैं, यह बंद कमरे में गहरी बात करते हैं। पंजाब के डीएन, यहां की हिस्ट्री को समझते हैं। एक के बाद एक राहुल गांधी ने मंच में बैठे तमाम नेताओं की प्रशंसा की। 

गरीब घर के बेटे हैं चन्नी

राहुल गांधी ने कहा कि चन्नी गरीब घर के बेटे हैं और उसे गहराई से समझते हैं। उन्होंने कहा कि चन्नी के दिल में, खून में पंजाब है। सिद्धू के दिल में और खून में पंजाब है, आप काटकर देखियेगा खून निकलेगा और उसमें पंजाब दिखाई देगा। चन्नी मुख्यमंत्री बने लेकिन उनमें अहंकार नहीं दिखाई दिया, जबकि मुख्यमंत्री पद प्रदेश का सबसे बड़ा पद है। वो जनता के बीच में जाते हैं। उन्होंने कहा कि कभी आप लोगों ने देखा है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जनता के बीच में जाते हुए। प्रधानमंत्री को सड़क में किसी की मदद करते हुए देखा है, वो नहीं करेंगे वो प्रधानमंत्री नहीं राजा हैं। लेकिन यह मुख्यमंत्री हैं और यह यहां पर मुख्यमंत्री बनने के लिए नहीं आए हैं बल्कि पंजाब को बदलने आए हैं। 

उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के लोग कभी-कभी ज्यादा भी बोल देते हैं तो हम एक्सेप्ट कर लेते हैं, क्योंकि हम सब लोगों की आवाज सुनना चाहते हैं। हम एक व्यक्ति का राज नहीं चाहते हैं।

विधानसभा चुनाव : EC ने प्रचार प्रतिबंध की अवधि को बढाया, स्वास्थय सचिव के साथ हुई बैठक के बाद लिया फैसला

देश के पांच राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए चुनाव आयोग ने रोडशो, पद यात्राओं, साइकिल, मोटरसाइकिल और वाहन रैलियों पर लगाए गए प्रतिबंध की अवधि को बढ़ा दिया है, लेकिन सार्वजनिक सभाओं के आयोजन के प्रतिबंधों में कुछ अतिरिक्त ढील दे दी है। रविवार को आयोग ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि खुले में सभाओं, बंद भवनों में सभाओं तथा रैलियों के संबंध में प्रतिबंधों में और ढील दी गई है, लेकिन बंद सभागारों की 50 प्रतिशत क्षमता और खुले मैदान की 30 प्रतिशत क्षमता के बराबर लोग ही इनमें शामिल हो सकेंगे।

आयोग की विज्ञप्ति के अनुसार घर-घर जाकर प्रचार करने के लिए अधिकतम 20 लोगों की सीमा पहले की तरह ही लागू रहेगी। प्रचार पर रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक प्रतिबंध लागू रहेगा। आयोग ने पांच फरवरी को स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण के साथ चुनावी राज्यों में कोविड के हालात को लेकर एक समीक्षा बैठक की थी। चुनावी राज्यों के मुख्य सचिवों ने कोरोना के मामलों और पॉजिटिविटी दर में आ रही लगातार गिरावट को देखते हुए सुझाव दिया था कि चुनाव प्रचार के लिए कुछ छूट दी जा सकती है। इसी के मद्देनजर प्रत्यक्ष सार्वजनिक सभाओ के नियमों में कुछ अतिरिक्त ढील देने का निर्णय लिया गया है।

इससे पहले आयोग ने 15 जनवरी, 22 जनवरी और 31 जनवरी को प्रत्यक्ष चुनाव प्रचार सभाओं को कुछ नियमों के साथ एक सीमा तक छूट दी थी। देश के पांच राज्यों उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर और पंजाब में विधानसभा चुनाव होना है।

लेडी डॉन ने दी सीएम योगी और गोरखनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की दी धमकी, जांच में जुटी पुलिस


गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सनसनी फैल गई है। ये धमकी लेडी डॉन नाम के ट्विटर एकाउंट से मिली है। शनिवार को धमकी देने वाले के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीएम योगी और गोरखनाथ मंदिर के अलावा लखनऊ विधानसभा और मेरठ में भी बम धमाके की धमकी शुक्रवार देर रात मिली है। धमकी मिलने के बाद पुलिस ने गोरखनाथ मंदिर में चेकिंग शुरू कर दिया है। इसके साथ ही मंदिर के पास पुलिस की चौकसी भी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा को लेकर और ज्यादा सावधानी बरती जा रही है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेडी डॉन नाम से बने ट्विटर एकाउंट से मेरठ के साथ ही लखनऊ स्थित विधानसभा को भी उड़ाने की धमकी दी गई है। पुलिस ने एहतियातन गोरखनाथ मंदिर के आसपास गाड़ियों की जांच की है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक एक के बाद एक तीन ट्वीट किए गए थे। पहले ट्वीट में लिखा था कि यूपी विधानसभा लखनऊ, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर बम लगा दिया गया है। इसके साथ यह भी लिखा गया कि योगी आदित्यानाथ की भी हत्या हो जाएगी। फिर इसके एक घंटा बाद भीम सेना की अध्यक्ष सीमा सिंह योगी आदित्यनाथ को मानव बम बनकर मारेंगी। राशिद ने बम लगाए हैं। इसके बाद ही पुलिस हरकत में आ गई।

तभी फिर अगला ट्वीट किया गया जिसमें लिखा था कि गोरखनाथ मठ में 8 जगहों पर सुलेमान भाई ने बम लगा दिया है। इस ट्वीट में मेरठ में 10 जगह बम ब्लास्ट की बात लिखी गई। जब यह ट्वीट किए जा रहे थे उस समय सीएम गोरखपुर में ही थे। लिहाजा यहां की सुरक्षा और ज्यादा बढ़ा दी गई थी। अफसरों ने गोरखनाथ मंदिर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। कहीं कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।

बाबा विश्वनाथ के तिलकोत्सव के साथ शुरू हुई फागुनी बयार, शिवरात्रि तक निभाई जायेंगी शादी से जुड़ी परंपराएं

वाराणसी। बसंत पंचमी की तिथि पर शनिवार शाम को बाबा विश्वनाथ के तिलक उत्सव के परंपरा को टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास पर पूर्ण की गयी। शहनाई की मंगल धुन, डमरूओ की गूंज से महंत आवास मानो कैलाश में परिवर्तित हो गया था। भोर में बाबा विश्वनाथ की पंचबदन रजत मूर्ति की मंगला आरती उतारी गई।

ब्राह्मणों द्वारा चारों वेदों की ऋचाओं के पाठ के साथ बाबा का दुग्धाभिषेक किया गया। बाबा को फलाहार का भोग अर्पित किया गया। उसके उपरांत पांच वैदिक ब्राह्मणों ने पांच प्रकार के फलों के रस से रुद्राभिषेक किया।

दोपहर को बाबा को स्नान कराया गया। 12:00 से 12:30 बजे तक मध्याह्न भोग अर्पण एवं आरती की गई। महिलाओं द्वारा मंगल गीत गाये गए। 02:30 से 04:45 बजे तक शृंगार के लिए कक्ष के पट बंद कर दिए गए। वाचस्पति तिवारी और संजीव रत्न मिश्र ने बाबा का दूल्हा के रूप में शृंगार किया। संध्या आरती एवं भोग के बाद भक्तों के दर्शन के लिए पट खोल दिए गए। भक्तों ने बाबा का दूल्हा स्वरूप में दर्शन किया।

परम तत्व दर्शन