आरामबाग, 13 अगस्त(हि. स.)। हुगली जिले में आरामबाग थाना अंतर्गत मलयपुर संलग्न बालिया इलाके में मुंडेश्वरी नदी के किनारे एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृत महिला की पहचान रूमा सांतरा (50) के तौर पर हुई है। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह महिला अपने घर से रोज की तरह मछली पकड़ने मुंडेश्वरी नदी गई थी। जब रात तक महिला अपने घर नहीं लौटी तो परिजनों ने पड़ोसियों के साथ मिलकर तलाश शुरू की। रात भर तलाश करने के बाद भी महिला कहीं नहीं मिली। इसके बाद गुरुवार सुबह एक बार फिर महिला को ढूंढने के लिए लोग निकल पड़े। ढूंढते ढूंढते नदी के किनारे झाड़ियों में महिला का शव देखा गया। इसके बाद आरामबाग थाने की पुलिस को मामले की जानकारी दी गई जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई। महिला के परिजनों का कहना है कि महिला का उनके एक पड़ोसी परिवार के साथ झगड़ा था। उन लोगों ने महिला को जान से मार देने की धमकी भी दी थी। महिला के परिजनों ने दावा किया कि महिला के शरीर पर चोट के निशान भी थे। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं थी।