Monday, November 28, 2022

जिनपिंग के खिलाफ सडक़ों पर लोग; चीन में कोरोना पाबंदियों से भडक़े लोगों ने लगाए जमकर नारे


चीन में शी जिनपिंग की सरकार के खिलाफ लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। एक तरफ कोरोना के बढ़ते मामले तो दूसरी ओर जीरो कोविड पॉलिसी की वजह से जबरदस्ती घरों में कैद करके रखे जाने से लोग परेशान हैं। इस बीच चीन के पश्चिमी शिनजियांग क्षेत्र में भीषण आग लगने की घटना से लोगों का गुस्सा और ज्यादा भडक़ गया और अब वह कई शहरों में कोविड-19 संबंधित लॉकडाउन के खिलाफ सडक़ों पर उतर आए हैं। चीन के शंघाई में सख्त कोविड पॉलिसी के खिलाफ शनिवार रात विरोध प्रदर्शन देखा गया। सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें लोग कोरोना प्रतिबंधों के खिलाफ नारे लगाते नजर आ रहे हैं। कोरोना को लेकर बरती जा रही सख्ती में ढील देने की मांग लेकर बड़ी संख्या में लोग सडक़ों पर उतर आए। रिपोर्ट के मुताबिक, उरुमकी रोड पर लोगों ने शी जिनपिंग की अगवाई वाली चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

इन लोगों ने ‘कम्युनिस्ट पार्टी को हटाओ, कम्युनिस्ट पार्टी, पद छोड़ो’ और ‘शी जिनपिंग, सत्ता छोड़ो’ के नारे लगाए। इस नारेबाजी का वीडियो ट्विटर पर सामने आया है। विरोध-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। शंघाई में विरोध प्रदर्शन को लेकर कई सारे ट्वीट्स किए गए हैं, जिनमें बताया गया है कि उरुमकी रोड पर जुटे लोगों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ‘मैं पीसीआर टेस्ट नहीं कराना चाहता, हमें आजादी चाहिए’ और ‘लॉकडाउन खत्म करो’ के नारे लगाए। देर रात तक प्रदर्शनकारियों के इन नारों की गूंज दूर-दूर सुनाई दी। इनका कहना है कि ये लोग ‘जीरो कोविड पॉलिसी’ से तंग आ गए हैं।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हाथापाई भी

खबर है कि शंघाई में विरोध प्रदर्शन स्थल पर लोगों और पुलिस के बीच हाथापाई भी हुई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने शंघाई में घटनास्थल पर प्रदर्शनकारियों को घेर लिया और कुछ महिलाओं को हिरासत में ले लिया। शंघाई से विरोध-प्रदर्शन की जो तस्वीरों सामने आ रही हैं उन्हें अविश्वसनीय बताया जा रहा है। ट्विटर यूजर्स का कहना है कि उरुमकी रोड पर लोग कम्युनिस्ट पार्टी को सत्ता से बेदखल करने के नारे लगा रहे हैं। चीन जैसे साम्यवादी देश में इस तरह के नारों की गूंज कम ही सुनाई देती है।

No comments:

Post a Comment

परम तत्व दर्शन